न पुण्यं न पापं न सौख्यं न दु:खं न मन्त्रो न तीर्थं न वेदो न यज्ञः |
अहं भोजनं नैव भोज्यं न भोक्ता चिदानन्द रूप: शिवोऽहं शिवोऽहम् ||
अर्थात: न मैं पुण्य हूँ, न पाप, न सुख और न दुःख, न मन्त्र, न तीर्थ, न वेद और न यज्ञ, मैं न भोजन हूँ, न खाया जाने वाला हूँ और न खाने वाला हूँ, मैं चैतन्य रूप हूँ, आनंद हूँ, शिव हूँ, शिव हूँ…
शिव आत्म चेतना है, संसार है, निर्गुण है, सर्वशक्तिमान है, शिव संपूर्ण हैं, शिव हर तत्त्व है, शिव सर्वश्रेष्ठ है, शिव में सब विलीन हैं। भगवान शिव के कई नाम हैं। पाताल से लेकर पहाड़ों तक विराजमान शिव जी की महिमा चारों ओर गूंजती है।
शिव अहंकार को हरते हैं: शिव जी हमारे हर प्रकार के अहंकार को समाप्त कर अपनी सकारत्मक ऊर्जा के समीप लाते हैं। वे हमारी अंतरात्मा में वास करते हैं और हमें सही रास्ता दिखलाते हैं। शिव हर उस में समाते हैं जो हर तरह के भेद भाव और आसक्ति से परे हैं।
अहंकारं बलं दर्पं कामं क्रोधं च संश्रिताः। मामात्मपरदेहेषु प्रद्विषंतोअभ्यसूयकाः।
अर्थ – अहंकार, बल, घमंड, कामना, क्रोध और दूसरों की निंदा, जिनमें ये छह दुर्गुण होते हैं, वे लोग मुझे (ईश्वर) कभी नहीं देख सकते।
शिव शाश्वत हैं, अनंत हैं: शिव शाश्वत हैं, वे ऐसी ऊर्जा हैं जिसे कभी नष्ट नहीं किया जा सकता, जो कभी खत्म नहीं होती। भगवान शिव को दिव्य अंधकार भी कहा जाता है क्योंकि अंधकार का कोई स्त्रोत नहीं और जिसका कोई स्त्रोत नहीं उसका कोई अंत भी नहीं। शिव शाश्वत हैं, और किसी भी तरह की आसक्ति से परे हैं।
शिव शब्द का अर्थ है, "वह जो नहीं है"। वे निराकार हैं, समय, स्थान और कर्म की द्वैतवादी दुनिया से परे हैं। शिव परम पूज्य हैं, शिव शून्यता की शक्ति हैं। शिव से ब्रह्मांड है, वे सृजन भी करते हैं और विनाश भी; और जो हर चीज़ को अर्थ देते हैं। शिव तथ्य है, शिव अर्थ है। शिव शून्य है, शून्य पूर्ण है, और पूर्ण अनंत होता है। शून्य अनादि है और अनंत भी।
वे भौतिक विष जैसे लोभ, सफलता, श्रेय, तुलना, वासना से परे हैं। जैसे महादेव ने विष को अपने कंठ में इकठ्ठा कर लिया उसी तरह वे सिखाते हैं कि हर प्राणी को ऐसे भौतिक विष को अपने कंठ से भीतर प्रवेश करने नहीं देना चाहिए जिससे सारी इंद्रियां प्रभावित होती हैं। शिव का नीलकंठ रूप यही दर्शाता है कि हमें अपनी गलतियों को स्वीकार करना चाहिए और सकारात्मक भाव को अपनाना चाहिए। शिव का वास माया और मिथ्या से परे मन में होता है।
भगवान शिव अपनी ललाट पर स्थित तीसरी आंख से भूत, भविष्य और वर्तमान को देख सकते हैं। वे किसी को भी सही या गलत के मापदंड में नहीं आंकते हैं। शिव जी हमें दिखाते हैं कि हमें अपने अंतर्मन से, और विवेक से हर किसी को देखना चाहिए। भगवान शिव की तीसरी आंख की तरह हमें भी अपने अंतर्ज्ञान और मानसिक क्षमता को अपना साथी बनाकर किसी के लिए भी निर्णयात्मक नहीं होना चाहिए, बल्कि हमें सदा हर किसी में बसे शिव को ही ढूंढना चाहिए।
यह भी पढ़ें : पाँच आदतें जो आपके जीवन में बदलाव ला सकती हैं।
महाशिवरात्रि की रात को ब्रह्माण्ड में ग्रहों और नक्षत्रों की एक अनोखी स्थिति से पूरे ब्रह्माण्ड में प्राकृतिक ऊर्जा का प्रवाह होता है। और इसीलिए महाशिवरात्रि पर हम रात भर जागरण कर इस प्राकृतिक ऊर्जा से अपनी आत्म चेतना को जागृत करते हैं। अपनी चेतना को जागरूक कर हम धारणाओं और पूर्वाग्रहों से मुक्त हो जाते हैं और एक सही दृष्टिकोण से चीजों को समझ पाते हैं।
तो आइए महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हम हर एक में बसे शिव के रूप को ही ढूंढे, हमारे अंदर बसी भौतिक वासनाओं का त्याग करें, अपनी आत्म चेतना से अपने विवेक को बढ़ाएं और एक सुंदर मन से सबको अपनाएं।
Shiv ka arth kya hai? Shiv kaun hain?
हमारी प्रकृति अद्भुत है, अनोखी है अनमोल है जो हमें मोहित कर देती है | प्रकृति के बीच मन शांत और ताज़ा महसूस करता है। चिड़ियों के कलरव, कल कल करती नदियां, हवाओं की साएं साएं , फूलों पर भिनभिनाता भौंरा, या तालाब में किनारे टर्र-टर्र करते मेंढक, प्रकृति की हर रचना अपनी एक अद्वितीय ध्वनि से जुड़ी है।
अगर हम शांत मन से सुनें तो प्रकृति से उत्पन्न ध्वनियां हमारे मन को मुग्ध कर देती हैं। किंतु क्या आप जानते हैं यह ध्वनियां आई कहां से, इसका स्त्रोत क्या है?
हमारे पुराणों के अनुरूप प्रकृति के रचयिता ब्रह्मा जी हैं। उन्होंने पृथ्वी के जीव जंतुओं को भिन्न भिन्न आकारों में ढाला और संवरा। ऐसा माना जाता है की ब्रह्मा जी सृष्टि की रचना को देख कर खुश नहीं थे। उन्हें अपनी बनाई हुई श्रृष्टि बहुत सूनी लग रही थी। उन्होंने विष्णु जी से अपनी बात कही तब विष्णु जी ने उन्हें मां सरस्वती की सहायता लेने को कहा।
ब्रह्मा जी ने सरस्वती जी का आहवान किया और अपनी सहायता करने को कहा। तब माता सरस्वती ने अपनी वीणा से विभिन्न ध्वनियां उत्पन्न की जिससे श्रृष्टि में मधुर ध्वनियों का प्रवाह हुआ। इसी कारण सरस्वती मां को (वाणी की देवी) वाग्देवी भी कहा जाता है। माता सरस्वती सिखलाती हैं कि हमें अपनी वाणी को हमेशा मधुर रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : कैसे सर्व भूतः शक्ति करती मार्गदर्शन?
वसंत पंचमी माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाती है। मां सरस्वती वसंत पंचमी के दिन प्रकट हुई थी, इसी कारण इस दिन को मां के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। मां सरस्वती वाणी, विद्या, ज्ञान-विज्ञान एवं कला-कौशल आदि की अधिष्ठात्री मानी जाती हैं। वे मनुष्य को ज्ञान तथा कला के प्रकाश की ओर ले जाती हैं।
“सरस्वतीं च तां नौमि वागधिष्ठातृदेवताम् ।
देवत्वं प्रतिपद्यन्ते यदनुग्रहतो जना: ॥”
– सरस्वती वंदना श्लोकअर्थ- वाणी की देवी माता सरस्वती जी को नमस्कार, जिनके आशीर्वाद मात्र से मानव देव समान हो जाता है।
अक्सर देखा गया है कि लोग बसंत और वसंत पंचमी में से क्या सही है इसको समझाना चाहते है , तो देखते है की इन शब्दों में कोई अंतर है या नहीं। बसंत और वसंत दोनों ही सही है, वसंत संस्कृत शब्द है और वही बसंत हिंदी जिसका अर्थ है वसंत ऋतु।
पीले रंग को हिंदू धर्म में एक शुभ रंग माना जाता है और वसंत पंचमी या सरस्वती पूजा के दौरान इसका विशेष महत्व है। पीला रंग देवी सरस्वती से जुड़ा हुआ है क्योंकि यह उनका पसंदीदा रंग है। पीला रंग ज्ञान, समझ और बुद्धिमत्ता का रंग है, जो सभी देवी से जुड़े हुए हैं।
आइए वसंत पंचमी के दिन हम सभी माता सरस्वती से यह आशीर्वाद मांगे की हम सब पर सदा ऐसे ही ज्ञान, वाणी और कला का आर्शीवाद बनाएं रखें और इस कौशल का सही रूप में उपयोग करने की शक्ति प्रदान करें।
आज साहित्य, कला और संस्कृति का हमारे जीवन में बड़ा ही महत्व है जो मानव जीवन को एक सकारात्मक दिशा की ओर केंद्रित करते हैं। यह हमारा पहला लेख है। हमारा प्रयास रहेगा हम साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़ी रोचक बातें आपके लिए लेकर आएं।
स्वरचित रचनाओं को दीजिए आपका अपना मंच - dc.bansal-mathur.com/
यदि आप हिन्दी भाषा में लिखते हैं तो आप अपने स्वरचित सृजन हमें भेजें और हम आपकी सुंदर रचनाएं हमारे ब्लॉग पर प्रकाशित करेंगे। आप यहाँ पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।