एक छोटे से मोहल्ले में आरव और विवान दो दोस्त रहते थे। दोनों की उम्र लगभग बराबर थी, स्कूल भी एक ही था और क्लास भी। लोग उन्हें “जुड़वां” कहकर बुलाते थे, क्योंकि वे हर जगह साथ ही दिखते थे।

आरव खेल-कूद में बहुत अच्छा था फिर चाहे वो दौड़ हो, क्रिकेट हो या फुटबॉल। दूसरी ओर, विवान शांत स्वभाव का था। उसे चीज़ों को ध्यान से देखना, समझना और अपनी दुनिया में खो जाना पसंद था। लेकिन एक चीज़ थी जो विवान को अलग बनाती थी, वह हमेशा आरव की नकल करता था। आरव जो करता, विवान वही करता। अगर आरव क्रिकेट खेलता, तो विवान भी बल्ला उठा लेता, भले ही उसे खेल में मज़ा न आए। अगर आरव दौड़ता, तो विवान भी दौड़ता, थकते हुए, हाँफते हुए, लेकिन रुकता नहीं।

धीरे-धीरे फर्क साफ़ दिखने लगा। आरव हर प्रतियोगिता में जीतता गया। ट्रॉफियां, मेडल, तारीफें सब उसके पास आते गए। विवान कोशिश करता रहा, लेकिन हर बार पीछे रह जाता। वह समझ नहीं पा रहा था, “मैं भी तो वही कर रहा हूँ, फिर मैं हार क्यों जाता हूँ?” उसकी आँखों में सवाल थे, और दिल में एक अजीब-सी कमी का एहसास।

एक दिन उनकी क्लास टीचर, मिश्रा मैम, ने इस बात को गौर किया। उन्होंने देखा कि विवान हर बार आरव की परछाई बनकर रह जाता है, और खुद की पहचान कहीं खोता जा रहा है। अगले हफ्ते स्कूल में एक “टैलेंट डे” रखा गया। मैम ने दोनों दोस्तों को अलग-अलग गतिविधियों में भाग लेने के लिए कहा।

आरव को तो खेल प्रतियोगिता में भेज दिया गया, लेकिन विवान से मैम ने कहा, “तुम फोटोग्राफी में भाग लो।”

विवान चौंक गया, “मैम, मुझे तो खेल पसंद है, मतलब मैं वही करता हूँ जो आरव करता है।”

मैम मुस्कुराईं, “नहीं, तुम्हें वो करना चाहिए जो तुम अच्छा कर सकते हो। मैंने देखा है, तुम चीज़ों को बहुत ध्यान से देखते हो। तुम्हारा नजरिया अलग है।” पहले तो विवान हिचकिचाया, लेकिन उसने मैम की बात मान ली।

उस दिन उसने स्कूल के पुराने कैमरे से तस्वीरें खींचीं, पेड़ों की छाया, बच्चों की हंसी, मैदान में दौड़ते हुए आरव का जोश हर तस्वीर में एक कहानी थी। जब परिणाम आए, तो कुछ अलग हुआ। आरव ने खेल प्रतियोगिता जीती, जैसा कि हमेशा होता था। लेकिन इस बार, विवान ने भी जीत हासिल की, फोटोग्राफी में पहला स्थान!

उसकी तस्वीरें सबको चौंका गईं। लोगों ने कहा, “ये तो बहुत खास है।” विवान के चेहरे पर पहली बार वो चमक आई, जो हमेशा आरव के चेहरे पर होती थी। उस दिन के बाद सब बदल गया। आरव अब भी खेलों में आगे बढ़ता रहा, और विवान ने कैमरा थाम लिया। अब वह किसी की नकल नहीं करता था। वह अपनी दुनिया खुद बनाता था तस्वीरों में।

एक दिन, दोनों मैदान के किनारे बैठे थे। विवान मुस्कुराकर बोला, “शायद मैं पहले ज़ेरॉक्स कॉपी था लेकिन अब मैं ओरिजिनल बन गया हूँ।” आरव ने हँसते हुए कहा, “और वही सबसे खास होता है।”

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

कावेरी के किनारे बसा गाँव कुम्भकोणम हर सुबह जैसे मुस्कुराकर उठता था। नारियल के पेड़ों के बीच से छनकर आती धूप, धान के खेतों में झुकती हवा, और दूर मारीअम्मन मंदिर की घंटियाँ, सब मिलकर दिन की शुरुआत को एक उत्सव बना देते थे।

इसी गाँव में दो दोस्त थे, शिवा और राघवन। दोनों की जोड़ी पूरे गाँव में मशहूर थी। अगर एक हँसता तो दूसरा ज़ोर से हँसता; अगर एक काम करता तो दूसरा बिना बुलाए साथ लग जाता।

एक दिन सुबह-सुबह शिवा की अम्मा रसोई में टमाटर भात बना रही थीं। कढ़ाई में तेल गरम हुआ, सरसों चटकी, करी पत्ते तड़के, और जैसे ही टमाटर डाले गए खट्टी-सी खुशबू पूरे घर में फैल गई।

राघवन भी वहीं आ पहुँचा, जैसे उसे उस खुशबू ने बुला लिया हो। “अम्मा! आज तो कुछ खास बन रहा है,” उसने हँसते हुए कहा।

अम्मा ने मुस्कुराकर जवाब दिया, “हाँ, टमाटर भात और आज तुम दोनों ही इसे बनाओगे।”

दोनों दोस्त एक-दूसरे को देखने लगे, “हम?” दोनों ने एक साथ कहा।

“हाँ,” अम्मा बोलीं, “देखना है कि दोस्ती का स्वाद कैसा होता है।”

बस फिर क्या था रसोई एक खेल का मैदान बन गई। शिवा चावल धो रहा था, तो राघवन टमाटर काट रहा था, हालाँकि उसके टुकड़े बराबर नहीं थे।

“अरे, ऐसे नहीं!” शिवा हँस पड़ा। “तो तू कर ले!” राघवन ने भी जवाब दिया।

थोड़ी ही देर में दोनों की हँसी, तड़के की आवाज़ और मसालों की खुशबू मिलकर एक नया ही संगीत बना रहे थे।

जब टमाटर गलने लगे, राघवन ने चखा और मुँह बना लिया, “अरे! ये तो बहुत खट्टा है!”

अम्मा हँसीं, “अभी नमक और थोड़ा गुड़ डालो फिर देखो।”

दोनों ने वैसा ही किया। फिर दोबारा चखा इस बार स्वाद बदल चुका था।

“वाह!” शिवा बोला, “अब तो मज़ा आ गया!”

अम्मा ने धीरे से कहा, “देखा? खटास अकेली अच्छी नहीं लगती, पर जब बाकी स्वाद साथ मिलते हैं, तो वही सबसे खास बन जाती है।”

दोपहर को दोनों दोस्त वही टमाटर भात लेकर गाँव के तालाब किनारे बैठ गए। हवा चल रही थी, पानी में आसमान झिलमिला रहा था और उनके हाथ में गर्म-गर्म भात।

“सच बता,” राघवन बोला, “अगर हम दोनों अकेले बनाते, तो इतना अच्छा बनता?”

शिवा ने सिर हिलाया, “नहीं क्योंकि तू खटास है।”

राघवन चौंका, फिर हँस पड़ा, “और तू?”

“मैं नमक,” शिवा बोला।

"और गुड़ हमारी दोस्ती", दोनों ठहाका लगाकर हँस पड़े।

पास ही कुछ छोटे बच्चे खेल रहे थे। शिवा ने उन्हें आवाज़ दी, “आओ, खाओ!”

धीरे-धीरे सब बच्चे आ गए। थोड़ा-थोड़ा भात सबमें बँट गया और अजीब बात यह थी कि किसी को कमी महसूस नहीं हुई।

राघवन ने आखिरी कौर खाते हुए कहा, “आज समझ आया खाना तभी अच्छा लगता है जब बाँटा जाए।”

शिवा ने मुस्कुराकर कहा, “और दोस्ती भी।”

शाम को जब वे घर लौटे, तो अम्मा ने पूछा, “कैसा बना टमाटर भात?”

दोनों ने एक साथ जवाब दिया, “सबसे अच्छा!”, दोनों की आंखों में संतोष था।

उस दिन के बाद गाँव में जब भी टमाटर भात बनता, लोग कहते, “इसमें खटास थोड़ी ज़्यादा हो तो भी कोई बात नहीं, बस दोस्ती साथ होनी चाहिए।”

और सच में उस छोटे-से गाँव में, खटास भी मीठी लगने लगी थी।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

गाँव की धूल भरी पगडंडियों, कच्चे घरों की कतारों और शाम ढलते ही लौटते मवेशियों के बीच एक नाम बहुत ही मशहूर था, रोडमल। उसका चलना भी ऐसा था मानो हर कदम ज़मीन पर नहीं, लोगों के दिलों पर पड़ रहा हो; ऊँची कद-काठी, तनी हुई घनी मूँछें, आँखों में हमेशा एक कठोर चमक, और आवाज़ में ऐसा भारीपन कि साधारण-सी बात भी हुक्म जैसी लगती थी। गाँव के छोटे-बड़े, बूढ़े-बच्चे सब उसके सामने आते ही अपने शब्दों को तौलने लगते, क्योंकि उन्हें पता था कि रोडमल को नापसंद आना मतलब अनचाही मुसीबत को बुलाना।

गाँव में लोग उसके बारे में तरह-तरह की बातें करते थे, कोई कहता, “रोडमल जैसा ताकतवर कोई नहीं,” तो कोई धीरे से जोड़ देता, “पर उसकी ताकत में सुकून नहीं, डर बसता है।” फिर भी, खुलेआम कोई उसकी बात काटने की हिम्मत नहीं करता था।

इसी गाँव में एक दिन एक नया मास्टर आया, साधारण कपड़ों में, कंधे पर एक पुराना झोला लटकाए, और चेहरे पर एक ऐसी शांति लिए हुए, जो आसपास के शोर-शराबे से बिल्कुल अलग थी। स्कूल के पहले ही दिन, जब वह बच्चों को पेड़ की छाँव में बिठाकर पढ़ा रहे थे, उन्होंने एक सरल-सा सवाल पूछा, “बताओ, सबसे ताकतवर कौन है?”

बच्चों ने बिना सोचे-समझे, लगभग एक ही साँस में जवाब दिया, “रोडमल!”

मास्टर ने बच्चों की ओर ध्यान से देखा, जैसे वह उनके उत्तर के पीछे छिपे भाव को समझना चाहता हो, और फिर बहुत शांत स्वर में पूछा,
“ताकतवर वह होता है, जिससे लोग डरें, या वह, जिसके पास आकर लोगों का डर कम हो जाए?”

इस बार बच्चों के चेहरों पर उलझन थी; उनके पास जवाब नहीं था क्योंकि उन्होंने कभी इस तरह सोचा ही नहीं था। उनके लिए ताकत का मतलब हमेशा वही था, जो उन्होंने देखा, रोडमल का रौब, उसकी ऊँची आवाज़, और लोगों का झुक जाना।

उसी शाम, जब सूरज धीरे-धीरे खेतों के पार डूब रहा था और आकाश हल्के सुनहरे रंग में रंगा हुआ था, रोडमल स्कूल के पास से गुज़रा। उसकी नज़र अनायास ही उस पेड़ के नीचे पड़ी, जहाँ मास्टर बच्चों को पढ़ा रहे थे। वहाँ का दृश्य उसे कुछ अजीब लगा, बच्चे खुलकर हँस रहे थे, सवाल पूछ रहे थे, और मास्टर बिना गुस्सा किए, धैर्य से उनकी हर बात का जवाब दे रहे थे।

रोडमल कुछ पल वहीं खड़ा रहा, बिना कुछ कहे, जैसे वह उस दृश्य को समझने की कोशिश कर रहा हो। उसके मन में एक हल्की-सी बेचैनी उठी, “ये आदमी मुझसे डरता क्यों नहीं?”

अगले दिन, उसने तय किया कि वह इस मास्टर से बात करेगा। भारी कदमों से स्कूल में दाखिल हुआ, और उसकी मौजूदगी भर से माहौल में एक हल्की-सी खामोशी छा गई। बच्चों की आवाज़ धीमी पड़ गई, और कुछ ने तो नज़रें झुका लीं। रोडमल ने मास्टर की ओर देखते हुए कहा, “सुना है, तुम बच्चों को नई-नई बातें सिखा रहे हो जो पहले किसी ने नहीं सिखाईं।”

मास्टर ने बिना घबराए, उसी शांत भाव से उत्तर दिया, “नई बातें नहीं, बस पुरानी बातों को नए तरीके से समझाने की कोशिश कर रहा हूँ, जैसे डर और इज्ज़त में फर्क।”

रोडमल के होंठों पर एक हल्की-सी हँसी आई, जिसमें आत्मविश्वास से ज़्यादा आदत झलक रही थी, “इस गाँव में इज्ज़त डर से ही मिलती है मास्टर। बिना डर के कोई किसी को पूछता नहीं।”

मास्टर ने बच्चों की ओर देखा, जो चुपचाप इस बातचीत को सुन रहे थे, और फिर धीरे से कहा, “तो इनसे पूछ लीजिए ये आपसे डरते हैं या आपको सच में मानते हैं?”

कमरे में एक गहरी चुप्पी फैल गई। बच्चों ने नज़रें झुका लीं, जैसे उनके मन में बहुत कुछ था पर शब्द नहीं थे। उस खामोशी ने वह कह दिया, जो कोई ज़ुबान से नहीं कह पाया।

उस पल, पहली बार रोडमल को मास्टर की बात ने अंदर से झकझोर कर रख दिया।

दिन बीतने लगे, और मास्टर का तरीका धीरे-धीरे पूरे गाँव में फैलने लगा। वह सिर्फ पढ़ते नहीं थे बल्कि लोगों की छोटी-छोटी परेशानियाँ भी समझते थे, किसी का हिसाब-किताब ठीक कर देते, किसी की चिट्ठी लिख देते, किसी बुज़ुर्ग की बात धैर्य से सुन लेते। उनकी मदद में कोई दिखावा नहीं था, और शायद इसी वजह से लोग उसकी ओर खिंचने लगे।

रोडमल यह सब देख रहा था, उसे समझ नहीं आ रहा था कि बिना आवाज़ ऊँची किए, बिना किसी पर दबाव डाले, कोई इतना सम्मान कैसे पा सकता है। उसे पहली बार महसूस हुआ कि उसके रौब और इस मास्टर की इज्ज़त में कुछ बुनियादी फर्क है।

एक शाम, जब गाँव में हल्की ठंडी हवा चल रही थी और लोग अपने-अपने घरों की ओर लौट रहे थे, रोडमल खुद को मास्टर के पास बैठे हुए पाया। इस बार उसकी आवाज़ में पहले जैसा भारीपन नहीं था, बल्कि एक अनजाना-सा सवाल था, “ये जो तुम्हारी इज्ज़त है इसमें डर क्यों नहीं है?”

मास्टर ने उसकी आँखों में देखते हुए, बहुत सहजता से कहा, “क्योंकि ये इज्ज़त किसी से छीनी नहीं गई है, ये धीरे-धीरे, भरोसे से कमाई गई है।” रोडमल कुछ देर तक चुप रहा जैसे वह इस जवाब को अपने भीतर उतार रहा हो। फिर उसने धीमे स्वर में पूछा, “तो क्या मेरा रौब सिर्फ उधार का है?”

मास्टर ने हल्की मुस्कान के साथ कहा, “रौब अक्सर उधार का ही होता है जब तक लोग डरते हैं तब तक रहता है। लेकिन असली ताकत वह होती है, जो बिना डर के भी कायम रहे।”

उस दिन के बाद, गाँव ने रोडमल में एक सूक्ष्म लेकिन गहरा बदलाव देखना शुरू किया। उसकी आवाज़ अब भी भारी थी लेकिन उसमें अनावश्यक कठोरता कम हो गई थी। वह पहले जितना बोलता था, उससे थोड़ा कम बोलने लगा, और सुनने की आदत धीरे-धीरे उसमें जगह बनाने लगी।

लोग कहते थे, “रोडमल बदल गया है,” पर सच यह था कि शायद पहली बार, रोडमल अपने उस रूप के करीब पहुँचा था, जिसे उसने कभी जाना ही नहीं था।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

धर्मपुर गाँव में गौरव को उसके असली नाम से लगभग कोई भी नहीं बुलाता था; अगर आप यह सोच रहे हैं कि लोग उसे इस वजह से ज्यादा इज्जत देते थे, तो ऐसा बिल्कुल नहीं था, बल्कि सच्चाई यह थी कि उसका नाम तो पूरे गाँव ने मिलकर रख दिया था, पलटू राम।

पलटू राम का असली नाम गौरव था, लेकिन गाँव में यह नाम जैसे कहीं खो सा गया था, सिवाय उसके बापू के, जो आज भी उसे उसी प्यार और उम्मीद के साथ “गौरव” कहकर बुलाते थे। बापू अक्सर मुस्कुराते हुए कहते, “गौरव, तू एक दिन बहुत बड़ा आदमी बनेगा… बस अपने फैसलों पर टिकना सीख ले, क्योंकि असली ताकत वहीं होती है।”

एक दिन जब गाँव में मेले की घोषणा हुई, तो पलटू राम पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सबके सामने बोला, “इस बार मैं जलेबी की दुकान लगाऊँगा, गरमा-गरम, चाशनी में डूबी हुई, ऐसी कि लोग उंगलियाँ चाटते रह जाएँ!”

बापू ने उसकी बात सुनकर हल्की मुस्कान के साथ कहा,"बहुत अच्छा गौरव, इस बार जो शुरू करे, उसे पूरा जरूर करना।”

लेकिन अगले ही दिन उसका मन फिर बदल गया, और उसने थोड़ी झिझक के साथ कहा, “नहीं बापू, जलेबी नहीं, मैं सोच रहा हूँ कि खिलौनों की दुकान लगाऊँ, बच्चों को ज्यादा पसंद आएगा।”

बापू ने फिर भी उसे रोका नहीं, बल्कि शांत स्वर में बोले, “ठीक है बेटा, जो भी कर, दिल से कर और इस बार बीच में मत छोड़ना।”

तीसरे दिन, बिना किसी झिझक के, उसने फिर नया विचार सामने रख दिया, “अरे, खिलौने भी नहीं, मैं तो झूला लगाऊँगा! सबसे ज्यादा भीड़ उसी में होती है, और कमाई भी सबसे ज्यादा वहीं है।”

इस बार बापू थोड़े शांत हो गए, और उन्होंने गहरी नजरों से उसे देखते हुए बस इतना कहा, “गौरव, काम छोटा या बड़ा नहीं होता, लेकिन इंसान का अपने मन पर टिके रहना बहुत बड़ा होता है।”

असल में बापू की अपनी एक छोटी-सी चाय की टपरी थी, जहाँ वे कई सालों से बिना किसी शिकायत के काम कर रहे थे, सुबह से लेकर शाम तक चाय बनाना, लोगों से बातचीत करना, और उसी में संतोष ढूँढ़ लेना उनकी आदत बन चुकी थी। गौरव को यह सब हमेशा छोटा लगता था; उसे लगता था कि वह कुछ बड़ा करेगा, कुछ अलग करेगा, लेकिन वह यह समझ ही नहीं पा रहा था कि बड़ा बनने के लिए शुरुआत करना और उस पर टिके रहना सबसे जरूरी होता है।

आखिरकार मेला शुरू होने का दिन आ गया, और पूरे गाँव में चहल-पहल फैल गई; हर किसी ने अपनी-अपनी दुकानें सजा ली थीं, कहीं मिठाइयाँ, कहीं खिलौने, कहीं झूले, तो कहीं खाने-पीने के अलग-अलग सामान।

लेकिन पलटू राम, वह खाली हाथ खड़ा था।

गाँव वाले हँसते हुए उसके पास आए और बोले, “क्या हुआ पलटू राम? इस बार क्या बेच रहे हो, हवा?”

वह शर्म से नजरें झुका गया और धीमे स्वर में बोला, “सोचते-सोचते ही समय निकल गया”

बापू दूर खड़े यह सब देख रहे थे; उनके चेहरे पर हल्की निराशा जरूर थी, लेकिन उनकी आँखों में अब भी वही उम्मीद और विश्वास बाकी था।
वे उसके पास आए और बहुत ही शांत लेकिन गहरे शब्दों में बोले, “गौरव, मैं तेरी मदद हमेशा करता रहूँगा, चाहे पैसे से, चाहे हौसले से; लेकिन अगर तू खुद अपने फैसले पर टिकना नहीं सीखेगा, तो दुनिया का कोई भी इंसान तुझे सफल नहीं बना पाएगा।”

उस रात गौरव बहुत देर तक जागता रहा, और पहली बार उसने खुद को ईमानदारी से समझने की कोशिश की; उसे बापू की सालों की मेहनत याद आई, उनका धैर्य, उनका संतोष और अपनी खुद की आदतें भी, जहाँ वह हर बार कुछ शुरू करने से पहले ही हार मान लेता था।

उसने मन ही मन स्वीकार किया, “मैं बड़ा बनना चाहता था लेकिन मैंने कभी सच में शुरुआत ही नहीं की।”

अगली सुबह उसने एक ऐसा फैसला लिया, जिसे इस बार उसने बदलने नहीं दिया।

वह बापू के पास गया और पूरे विश्वास के साथ बोला, “बापू, मैं आपकी चाय की टपरी संभालना चाहता हूँ लेकिन मैं इसे अपने तरीके से थोड़ा बड़ा और बेहतर बनाना चाहता हूँ।”

बापू की आँखों में चमक आ गई, और उन्होंने गर्व से कहा, “यही तो मैं हमेशा से चाहता था, गौरव!”

शुरुआत आसान नहीं थी; कई बार उसका मन फिर डगमगाया, कई बार उसे लगा कि कुछ और कर ले, कुछ बड़ा ढूँढे लेकिन हर बार उसे बापू की वही बात याद आती, “मन का पक्का होना ही सबसे बड़ी बात होती है।”

धीरे-धीरे उसने टपरी में बदलाव करना शुरू किया, नई-नई तरह की चाय, साफ-सफाई पर ध्यान, बैठने की अच्छी व्यवस्था और देखते ही देखते लोगों की भीड़ बढ़ने लगी।

कुछ ही महीनों में उसकी छोटी-सी टपरी पूरे गाँव की सबसे पसंदीदा जगह बन गई, जहाँ लोग सिर्फ चाय पीने नहीं, बल्कि समय बिताने भी आने लगे।

अब भी लोग उसे “पलटू राम” कहकर बुलाते थे, लेकिन अब उस नाम में पहले जैसी हँसी नहीं थी, अब उसमें सम्मान और गर्व की झलक थी।

और बापू? वे आज भी उसे उसी नाम से पुकारते थे, जिसमें सबसे ज्यादा अपनापन था,

“गौरव”

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

किरण भागता-भागता घर आया और अपनी माँ की ओर आश्रय से देखने लगा, जैसे कुछ बताना चाहता हो। "क्या हुआ मेरे राजा बेटे को", पूछती हुई सुनीता आटा लगाने लगी और उसी में कल की बची हुई सब्जी डाल दी।

किरण ने झट से अपने स्कूल के बस्ते से एक नई किताब निकाली। किरण आगे से कुछ बोलता उससे पहले सुनीता बोल उठी “ये कहां से मिली तुझे? कोई बड़े लोग आए थे क्या? या किसी का जन्मदिन वहां मनाया गया?”।
किरण मुंह ताकता रह गया, कि मां को तो सब पता होता है, बिना मेरे बोले वो सब कुछ जान गई कि आज तीन बड़ी कारें आई थी और हमें किताबें, पेंसिल और अच्छा खाना खाने को मिला।

“हां मां, आज मेरी ही उम्र का लड़का वहां आया था लाल गाड़ी में बैठ कर। और पता है सबसे मज़े की बात उसका नाम भी किरण है।”

सुनीता अपने बेटे की आँखों में ख़ुशी और सवाल एक साथ पढ़ पा रही थी। अभी कुछ दिन पहले ही तो उसने अपनी पड़ोसन की मदद से किरण का सरकारी स्कूल में दाखिला करवाया था।

वैसे तो किरण को एक साल पहले ही पाँच साल की आयु में स्कूल जाना शुरू कर देना चाहिए था पर वह दो साल देरी से स्कूल गया था, इसके पीछे कारण तो वैसे कई हैं पर आज तक सुनीता अपने पति के व्यवहार को ही मुख्य कारण समझती है। सुनीता का पति काम पर जाता, कमता, फिर रात को सीधे शराब के ठेके पर अपनी कमाई को उड़ा देता, कभी बचे हुए कुछ रुपये लाकर सुनीता के हाथ में रख देता तो कभी गाल पर ज़ोर से एक थप्पड़ जड़ देता, जिसका कारण सुनीता आज तक नहीं समझ पाई थी। जब एक साल पहले वह मर गया तो सुनीता ने हिम्मत बांधी और काम करना शुरू किया और ठाना कि किरण को ऐसी सीख मिलेगी कि वह हर काम समझदारी से करेगा।

किरण अपनी मां का ​​ध्यान अपनी और खींचता हुआ बोला, "मां देखो तो सही जो मेरी नई पुस्तक में यहां आम का रंग कितना पीला है और देखो ये तरबूज अंदर से कितना लाल है। पर हम तो जो आम लाते हैं वे तो अंदर से लाल और काले होते हैं और तरबूज़ पीले। ये किरण की मासूमियत ही थी जो अपनी मां को फलों के रंग समझा रहा था।

सुनीता भी पूरे ध्यान से किरण की बातें सुन रही थी।

किरण ने बड़े उत्साह से खाने में क्या-क्या खाया यह बताया और बड़ी सी चॉकलेट भी दिखाई। जब सुनीता ने पूछा ये स्कूल में क्यों नहीं खाई तो बड़े प्यार से मां को स्नेहमय अलंगिन करके बोला मां तेरे साथ जो खानी थी और फिर बोल उठा…मां परांठे रात को खा लूंगा और बैठ गया नई किताब पढ़ने।

किरण ने पूरे दिन का वर्णन किया, एक बार भी अपनी माँ से यह प्रश्न नहीं किया कि माँ हम ऐसे क्यों रहते हैं और हमारे पास कब सब कुछ होगा क्योंकि सुनीता ने उसे यह सिखाया था कि जितना है उतने में खुश रहना चाहिए।

अपनी मनोस्थिति का ही आसरा था सुनीता के पास जिसका उपयोग उसे जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति दे रहा है और वही सकारात्मक मनोस्थिति सुनीता अपने बेटे में आत्मसात कर रही थी।

और दूसरी ओर जो किरण का परिवार उसको जन्म दिन पर सरकारी स्कूल लाए थे वो अपने बच्चे में कृतज्ञता और सद्भावना को आत्मसात करने आए थे।

सच्ची खुशी संतोष, कृतज्ञता और सकारात्मक सोच में होती है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सही परवरिश बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। हम बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य (हॉलिस्टिक वैलनेस) जैसे गुण बचपन से उनके मन में एकाग्र कर सकते हैं। फिर चाहे आम पीला हो या लाल, स्वाद आपके मन से आएगा।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

जीवन में नकारात्मक भावनाओं (डर, दुख, पछतावा) को छोड़ देना चाहिए, लेकिन सपनों और उम्मीदों को हमेशा संभालकर रखना चाहिए, क्योंकि वही हमें आगे बढ़ने की ताकत देते हैं।

गाँव के पुराने स्कूल की पीली पड़ी दीवारों के पास अक्सर कागज़ के छोटे-छोटे टुकड़े उड़ते रहते थे। गर्मियों की दोपहर में जब लू चलती, तो ये फ़र्रे धूल के साथ आसमान में ऐसे नाचते जैसे किसी ने अपने सारे राज़ खोलकर हवा के हवाले कर दिए हों। बच्चे उन्हें “फ़र्रे” कहते थे, वही फ़र्रे जो कुछ शरारती बच्चे परीक्षा में नकल के लिए छुपाकर लाते थे, कभी जूतों में, कभी कमीज़ की मोड़ी हुई बाँहों में।

राघव भी उसी स्कूल का छात्र था, लेकिन उसकी जेब में रखे फ़र्रे अलग थे। वह पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर बहुत देर तक कुछ लिखता रहता, फिर उन कागज़ों को छोटे-छोटे टुकड़ों में मोड़कर हवा में उड़ा देता। उसके चेहरे पर न मुस्कान होती, न कोई शरारत, बस एक अजीब-सी खामोशी।

घर की हालत भी कुछ वैसी ही थी। मिट्टी का छोटा-सा आँगन, एक कोने में चूल्हा, और दीवार पर टंगी उसके पिता की धुंधली तस्वीर। पिता शहर कमाने गए थे, पर सालों से लौटकर नहीं आए। माँ सुबह से शाम तक खेतों और घर के काम में जुटी रहतीं, और रात को थककर चुपचाप सो जाती। घर में बातें कम, सन्नाटा ज़्यादा रहता था।

एक दिन गणित की परीक्षा थी। बच्चे इधर-उधर से फ़र्रे निकालकर झाँक रहे थे। मास्टरजी की नज़र अचानक राघव पर पड़ी, जो कुछ लिखकर अपनी मुट्ठी में छुपा रहा था।

“राघव! इधर आओ,” उनकी आवाज़ सख़्त थी।

पूरी कक्षा शांत हो गई। सबको लगा आज राघव भी पकड़ा गया।

“क्या है तुम्हारे हाथ में?” मास्टरजी ने पूछा।

राघव ने बिना कुछ कहे धीरे से अपनी मुट्ठी खोली और कागज़ उन्हें दे दिया।

उस पर लिखा था, “माँ को कभी आराम करते नहीं देखा… अच्छा नहीं लगता।”

मास्टरजी ठिठक गए।

उन्होंने उसकी जेब टटोली, और भी फ़र्रे निकले। हर एक पर कुछ लिखा था,
“मुझे अँधेरे से डर लगता है।”
“काश पापा एक बार लौट आते।”
“मैं सबकी तरह हँसना चाहता हूँ।”

कक्षा में सन्नाटा और गहरा हो गया। जो बच्चे अभी तक नकल कर रहे थे, उन्होंने धीरे-धीरे अपने फ़र्रे छुपा लिए।

“तुम इन्हें उड़ाते क्यों हो?” मास्टरजी ने इस बार नरम आवाज़ में पूछा।

राघव ने खिड़की से बाहर झाँकते हुए कहा, “क्योंकि जब ये पास रहते हैं… तो बहुत भारी लगते हैं। उड़ जाते हैं, तो हल्का लगता है।”

उस दिन परीक्षा बीच में ही रुक गई।

मास्टरजी ने ब्लैकबोर्ड पर बड़े अक्षरों में लिखा, “आज का पाठ: फ़र्रे ज़िंदगी के…”

उन्होंने सब बच्चों से कहा, “आज हर कोई अपने दिल की बात लिखेगा, वो जो किसी से कह नहीं पाते।”

धीरे-धीरे हर बच्चा लिखने लगा। किसी ने अपने डर लिखे, किसी ने अपनी गलतियाँ, किसी ने अपने छोटे-छोटे दुख। हवा हल्की चल रही थी, जैसे वो भी इन बातों को सुनने को तैयार हो।

फिर सब बच्चे मैदान में गए। “अब इन्हें उड़ाओ,” मास्टरजी ने कहा।

सैकड़ों फ़र्रे एक साथ आसमान में उड़े, किसी का ग़ुस्सा, किसी का डर, किसी की कमी… सब हवा में घुलते चले गए।

राघव ने भी अपने सारे फ़र्रे निकालकर उड़ा दिए। उसकी आँखों में हल्की नमी थी, लेकिन इस बार वो मुस्कुरा रहा था।

मास्टरजी उसके पास आए और बोले, “देखो राघव, परीक्षा में जो फ़र्रे होते हैं, वो हमें धोखा देते हैं… लेकिन ज़िंदगी के फ़र्रे हमें सिखाते हैं कि क्या छोड़ना है।”

राघव ने धीरे से पूछा, “क्या हर बार छोड़ देना चाहिए?”

मास्टरजी मुस्कुराए, “दुख, डर, पछतावा, हाँ। लेकिन सपने और उम्मीद… उन्हें पकड़कर रखना।”

राघव ने अपनी कॉपी से एक आखिरी कागज़ फाड़ा। इस बार उसने बड़े अक्षरों में लिखा, “मैं खुश रहूँगा… और माँ को भी हँसाऊँगा।”

उसने उसे हवा में नहीं उछाला, अपनी जेब में सम्भाल कर रख लिया।

उस दिन के बाद स्कूल की दीवारों के पास उड़ते फ़र्रे वही थे, लेकिन उनका मतलब बदल गया था। अब वो नकल के नहीं, हल्के दिल के फ़र्रे थे।

और राघव समझ चुका था, ज़िंदगी को पूरी तरह जीना है, तो फ़र्रे उड़ाने पड़ते हैं…जो रोकते हैं उन्हें छोड़ना पड़ता है, और जो जीने देते हैं उन्हें संभालकर रखना पड़ता है।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

सच्ची खुशी और अपनापन किसी साधन या आधुनिक सुविधा में नहीं, बल्कि इंसानों के रिश्तों और भावनाओं में होता है। हमें अपने अतीत और उन लोगों को कभी नहीं भूलना चाहिए जिन्होंने हमारी ज़िंदगी को खूबसूरत बनाया।

पीपलिया गाँव की धूल भरी कच्ची सड़क पर हर सुबह सूरज की पहली किरणों के साथ एक जानी-पहचानी आवाज़ गूँज उठती थी,
टिन… टिन…, एक साइकिल की घंटी, जो जैसे पूरे गाँव को यह बता देती थी कि रामू अपनी रोज़ की यात्रा पर निकल चुका है।

गाँव के लोग बिना देखे ही पहचान जाते थे कि यह रामू की साइकिल है, क्योंकि उस आवाज़ में एक अजीब-सी लय थी, जैसे वह सिर्फ घंटी नहीं, बल्कि बचपन की खुशियों का ऐलान हो।

रामू हर रोज़ बच्चों को स्कूल छोड़ता था। बच्चों के लिए साइकिल की सवारी किसी झूले से कम नहीं थी, क्योंकि उस पर बैठकर वे सिर्फ सफर नहीं करते थे, बल्कि हर दिन एक नई छोटी-सी दुनिया जीते थे।

गाँव के लोगों को समझ नहीं आता था कि आखिर पुरानी, जर्जर साइकिल, जिसका हैंडल थोड़ा टेढ़ा, सीट जगह-जगह से सिली हुई, और चरमराहट करती चेन की यात्रा बच्चों को कैसे लुभाती है।

बच्चे रास्ते भर हँसते, गाते, कभी पेड़ों की गिनती करते, तो कभी यूँ ही बिना किसी वजह के घंटी बजाते रहते, टिन… टिन… टिन…, और रामू बस उन्हें देखकर मुस्कुराता रहता, जैसे उनकी हर खुशी ही उसकी सबसे बड़ी कमाई हो।

लेकिन समय हमेशा एक-सा नहीं रहता, और एक दिन पीपलिया भी बदलने लगा, धीरे-धीरे, बिना किसी शोर के।

कच्ची सड़क की जगह पक्की सड़क बन गई, और उसके साथ गाँव में एक नई, चमचमाती स्कूल वैन आ गई, जो तेज़ थी, आरामदायक थी, और देखने में आधुनिक भी।

धीरे-धीरे बच्चों ने रामू की साइकिल पर बैठना छोड़ दिया, और वे वैन में जाने लगे, जहाँ वे खिड़की से बाहर तो देखते थे, लेकिन उनकी हँसी और शोर कहीं पीछे छूट गया था।

अब रामू की साइकिल की घंटी कभी-कभार ही सुनाई देती थी, और वह भी पहले जैसी चहकती नहीं, बल्कि जैसे थकी हुई-सी लगती थी।

फिर एक दिन वह आवाज़ पूरी तरह से बंद हो गई, और उसी के साथ रामू भी गाँव से गायब हो गया, जैसे वह कभी था ही नहीं।

लोगों ने बस इतना कहा कि शायद वह शहर चला गया होगा, और धीरे-धीरे सब अपनी-अपनी ज़िंदगी में व्यस्त हो गए।

उसकी साइकिल कई दिनों तक उसके घर के बाहर यूँ ही खड़ी रही, धूल में लिपटी हुई, जैसे किसी का इंतज़ार कर रही हो और फिर एक सुबह वह भी गायब हो गई, बिना कोई निशान छोड़े।

समय बीतता गया, और यादें भी धीरे-धीरे धुंधली होने लगीं।

सालों बाद, मोहन, जो कभी उसी साइकिल पर बैठकर स्कूल जाया करता था, शहर से वापस पीपलिया लौटा, अब एक बड़ा आदमी बन चुका था, लेकिन उसके अंदर कहीं न कहीं वह छोटा बच्चा अब भी ज़िंदा था।

एक सुबह वह उसी सड़क पर टहल रहा था, जहाँ कभी उसकी हँसी गूँजा करती थी, और तभी अचानक हवा में एक जानी-पहचानी आवाज़ तैर गई,

टिन… टिन…

मोहन ठिठक गया, क्योंकि यह आवाज़ सिर्फ एक आवाज़ नहीं थी, बल्कि उसकी यादों का दरवाज़ा थी, जो अचानक फिर से खुल गया था।

उसने दूर देखा, और जो उसने देखा, उससे उसका दिल जैसे एक पल के लिए रुक गया, वही पुरानी साइकिल, वही टेढ़ा हैंडल, वही पैबंद लगी सीट, लेकिन उसे चलाने वाला कोई नहीं था, और फिर भी वह साइकिल बिल्कुल संतुलन के साथ आगे बढ़ रही थी।

उस साइकिल के पीछे दो छोटे बच्चे बैठे थे, जो हँस रहे थे, बातें कर रहे थे, जैसे उनके लिए यह सब बिल्कुल सामान्य हो, जैसे यह दुनिया का सबसे साधारण दृश्य हो।

मोहन धीरे-धीरे उनके पास पहुँचा, और उसकी आवाज़ में एक हल्का-सा डर और हैरानी घुली हुई थी, जब उसने पूछा, “तुम्हें डर नहीं लगता?”

बच्चों में से एक हँस पड़ा, जैसे उसने कोई बहुत मज़ेदार बात सुन ली हो, और उसने मासूमियत से जवाब दिया,
“क्यों? रामू काका हैं ना!”

मोहन का दिल तेज़ी से धड़कने लगा, और उसने लगभग फुसफुसाते हुए कहा,
“लेकिन… रामू काका तो यहाँ नहीं हैं…”

बच्चे ने उसे अजीब नज़रों से देखा, जैसे मोहन ही कुछ समझ नहीं पा रहा हो, और फिर बोला,
“आपको दिखते नहीं? वो तो रोज़ हमें स्कूल छोड़ते हैं।”

मोहन ने एक बार फिर ध्यान से उस साइकिल को देखा, और इस बार उसे ऐसा लगा जैसे साइकिल के हैंडल पर किसी के हाथों के हल्के-हल्के निशान हों, जैसे कोई अदृश्य मौजूदगी उसे थामे हुए हो।

हवा में वही पुरानी, हल्की-सी हँसी गूँज रही थी, जो कभी उसके बचपन का हिस्सा हुआ करती थी,

टिन… टिन…

मोहन ने पीछे मुड़कर देखा, नई सड़क, तेज़ रफ्तार वैन, और बदलती हुई दुनिया और फिर उस साइकिल को, जो बिना किसी दिखने वाले सहारे के आगे बढ़ रही थी, जैसे समय उसे रोक नहीं पाया हो।

उसी पल उसे एहसास हुआ कि कुछ लोग भले ही इस दुनिया से चले जाते हैं, लेकिन उनके रास्ते, उनके सफर, और उनके दिए हुए एहसास कभी खत्म नहीं होते, बल्कि किसी न किसी रूप में हमेशा हमारे साथ चलते रहते हैं।

और शायद रामू अब भी बच्चों को सिर्फ स्कूल नहीं पहुँचा रहा था, बल्कि उन्हें उस सच्ची खुशी तक ले जा रहा था, जिसे कोई भी आधुनिक सुविधा कभी नहीं दे सकती।

टिन… टिन…

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

BlogchatterA2Z challenge - Letter C (Day 3)

इंसान अक्सर कुछ चीज़ों या यादों को इसलिए नहीं छोड़ पाता क्योंकि वे उसके जीने का सहारा बन जाती हैं। जीवन में खोना अंत नहीं होता, बल्कि वही हमें फिर से कुछ नया बनाने की प्रेरणा देता है।

सुबह का बनारस हमेशा थोड़ा अलग, थोड़ा रहस्यमयी और कुछ-कुछ आध्यात्मिक सा महसूस होता है। ऐसा लगता है मानो सूरज कहीं आसमान से नहीं, बल्कि गंगा की गहराइयों से ही जन्म ले रहा हो, बिना किसी शोर या हलचल के।

घाट की पुरानी, घिसी हुई सीढ़ियों पर रामू रोज़ की तरह चुपचाप बैठा हुआ था। उसकी उम्र का सही अंदाज़ा लगाना लगभग नामुमकिन था। उसका चेहरा समय की मार से बूढ़ा दिखता था, पर उसकी आँखों में कहीं न कहीं बचपन की मासूमियत अब भी ठहरी हुई थी। उसके हाथों में एक छोटी सी लकड़ी की नाव थी, जिसे वह हर दिन बड़े ध्यान से पानी में छोड़ता, कुछ देर उसे बहते हुए देखता, और फिर धीरे-धीरे वापस किनारे खींच लाता।

“तुम इसे कभी पार क्यों नहीं जाने देते?” पास खड़े एक उत्सुक यात्री ने थोड़ी हैरानी और जिज्ञासा के साथ पूछा।

रामू हल्का सा मुस्कुराया, जैसे उसने यह सवाल पहले भी कई बार सुना हो, और शांत स्वर में बोला, “हर चीज़ का पार जाना ज़रूरी नहीं होता बाबू… कुछ चीज़ें किनारे पर रहकर ही अपना मतलब पूरा करती हैं।”

घाट पर ज़िंदगी हमेशा की तरह अपने अलग-अलग रंगों में बहती रहती थी। कोई पूरी श्रद्धा से पूजा में लीन था, कोई अपने कैमरे में हर पल कैद करने में लगा था, और कोई बस चुपचाप बैठकर पानी की सतह को निहार रहा था। और इन सबके बीच गंगा जैसे सबकी बातें सुनती हो, सबका दर्द समझती हो, लेकिन फिर भी हमेशा की तरह शांत और मौन रहती हो।

एक कोने में एक बूढ़ा पंडित रोज़ आकर बैठ जाता था। उसके सामने सजे होते थे कुछ ताजे फूल, जलती हुई अगरबत्तियाँ, और कुछ बिखरे हुए सिक्के। वह हर आने-जाने वाले से एक ही बात कहता, लेकिन हर बार उसके शब्दों में एक नई गहराई होती,
“जो कुछ भी छोड़ना है, यहीं छोड़ दो…यही जगह है उसके लिए।”

लोग आते जाते, कुछ अपने हाथों से फूल गंगा में बहा देते, कुछ सिक्के डाल देते, और कुछ बिना कुछ कहे बस अपनी आँखों का पानी बहा जाते।

रामू कभी-कभी उस पंडित की ओर देखता, और फिर अपनी नाव को थोड़ा और कसकर पकड़ लेता, जैसे वह उसे खोने से डरता हो।

शाम होते-होते घाट का पूरा रंग, उसका मिज़ाज, उसकी धड़कन सब बदल जाते। आरती की गूंजती आवाज़, सैकड़ों दीपों की टिमटिमाती रोशनी, और हवा में घुलती घंटियों की मधुर ध्वनि, ये सब मिलकर ऐसा माहौल बना देते मानो समय खुद कुछ पलों के लिए ठहर गया हो।

एक दिन, वही यात्री फिर से वहाँ लौटा। उसने रामू को तुरंत पहचान लिया, और मुस्कुराते हुए बोला, “अरे, अभी भी वही नाव? तुमने इसे बदला नहीं?”

रामू ने धीरे से सिर हिलाया, “हाँ, वही नाव… और अभी भी उसी किनारे पर।” यात्री ने थोड़ी हँसी के साथ पूछा, “कभी मन नहीं करता कि इसे बस बहने दो… जाने दो जहाँ इसे जाना है?”

रामू ने गंगा की ओर लंबी नजर से देखा। कुछ पल तक वह पूरी तरह चुप रहा, जैसे शब्द खोज रहा हो। फिर बहुत धीरे, लगभग फुसफुसाते हुए बोला, “मन तो बहुत करता है… हर दिन करता है… पर डर लगता है कि अगर ये सच में चली गई, तो फिर मैं किसका इंतज़ार करूँगा?”

यात्री इस बार बिल्कुल चुप हो गया। उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा था।

गंगा वैसे ही बहती रही, बिना रुके, बिना बदले।

उस शाम, आरती खत्म होने के बाद, जब भीड़ धीरे-धीरे कम हो गई और घाट थोड़ा खाली सा लगने लगा, रामू ने पहली बार अपनी नाव को थोड़ा दूर तक जाने दिया। नाव पानी में हल्के-हल्के डगमगाई, जैसे खुद भी अनिश्चित हो, और फिर धीरे-धीरे बहने लगी।

रामू खड़ा होकर उसे जाता हुआ देखता रहा, आँखों में डर भी था, और एक अजीब सी शांति भी। कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे वह दौड़कर उसे वापस पकड़ लेगा। पर उसने अपने हाथ पीछे कर लिए, जैसे उसने खुद को रोक लिया हो। नाव अब उससे काफी दूर जा चुकी थी।

तभी अचानक, एक हल्की सी लहर उठी… और नाव पलट गई। रामू ने अपनी आँखें बंद कर लीं, जैसे वह उस पल को देखना नहीं चाहता हो।जब उसने फिर से आँखें खोलीं, तो गंगा पहले जैसी ही थी, शांत, गहरी, और हर रहस्य को अपने भीतर छुपाए हुए।

अगली सुबह, रामू फिर उसी जगह बैठा था। इस बार उसके हाथ खाली थे, पर उसके सामने, सीढ़ियों के पास, एक नई छोटी सी लकड़ी का टुकड़ा पड़ा हुआ था। वह कुछ देर तक उसे चुपचाप देखता रहा, जैसे उसमें कुछ खोज रहा हो। फिर उसने उसे उठाया, अपने पास रखा, और चाकू से उसे धीरे-धीरे तराशना शुरू कर दिया, एक नई नाव बनाने के लिए।

घाट पर ज़िंदगी फिर से उसी लय में चल पड़ी थी।

और गंगा, शायद अब भी वही सवाल अपने साथ बहा रही थी कि कौन सच में पार जाता है, और कौन सिर्फ किनारे बदलता रहता है।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

BlogchatterA2Z challenge - Letter B (Day 2)

जीवन सिर्फ बार-बार बनाने और तोड़ने का खेल नहीं है, एक समय ऐसा भी आता है जब हम चीज़ों को संजोकर रखना सीख जाते हैं।

खेतड़ी के उस छोटे से घर का आँगन बड़ा नहीं था, पर उसमें मानो दुनिया समाई हुई थी। सुबह की पहली किरण जैसे ही मिट्टी पर गिरती, आँगन चमक उठता, मानो किसी ने हल्दी से सूरज की किरणों को रंग दिया हो। वहीं कोने में तुलसी का चौरा था, जिसके पास बैठकर दादी हर रोज़ कुछ बुदबुदाती थीं। कोई समझ नहीं पाता कि वह प्रार्थना थी या बीते दिनों की कोई अधूरी बातें। आँगन के बीचों-बीच एक पुरानी चारपाई पड़ी रहती, जिसकी रस्सियाँ कई बार बदली जा चुकी थीं, पर उसकी चरमराहट वही पुराने किस्सों को बयां करा करती थी।

गुड्डी हर शाम वहीं खेलती, मिट्टी से घर बनाती, फिर खुद ही उसे तोड़ देती। उसकी माँ कई बार टोकती,
“इतनी मेहनत से बनाया, फिर क्यों तोड़ देती है?”

गुड्डी बस मुस्कुरा देती, “फिर से बनाने में मज़ा आता है, अम्मा।”

शायद वही आँगन की असली सीख थी, बनाना, बिगाड़ना, और फिर से बनाना।

दोपहर में जब सब अपने-अपने काम में लग जाते, आँगन जैसे थम सा जाता। हवा भी धीमी हो जाती, और पेड़ की छाया धीरे-धीरे आंगन के एक कोने से दूसरे कोने तक सरकती रहती। कभी-कभी कोई राहगीर दरवाज़े पर रुककर पानी माँग लेता, और आँगन अचानक फिर से जीवित हो उठता।

रात को, जब सब सो जाते, आँगन तारों की चादर ओढ़े चुपचाप आसमान को निहारता रहता। शायद वह भी सोचता होगा, कितनी कहानियाँ उसने अपने अंदर समेट रखी हैं।

एक दिन गुड्डी अपने सपनों को पंख देने के लिए शहर चली गई। माँ का काम जैसे अचानक बढ़ गया, बर्तन की खनखनाहट में अब पहले जैसी चंचलता नहीं रही, बस एक थकान-सी झलकती थी।

आँगन की चारपाई, जो कभी दादी और गुड्डी की हँसी-ठिठोली से गूंजती थी, अब ज़्यादातर खाली ही रहती थी।

घर वही था, आँगन वही, दीवारें भी वैसी ही थीं, पर हर चीज़ में एक अधूरापन था, एक ऐसा सन्नाटा, जो बोलता तो नहीं था, पर हर पल महसूस होता था।

सुबह की धूप अब भी आती थी, पर उसे देखने वाला कोई नहीं होता। तुलसी का पौधा सूखने लगा, पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। मिट्टी में अब भी वही महक थी, पर उसे महसूस करने वाले जैसे कहीं खो गए थे।

कई साल बाद, गुड्डी एक सफल आर्किटेक्ट बनकर गांव लौटी, अपने बचपन की यादों और अधूरे रिश्तों को फिर से जीने के लिए।

वह आँगन में खड़ी रही, कुछ देर तक, बिना कुछ बोले। उसने धीरे से मिट्टी को छुआ, जैसे किसी पुराने दोस्त को पहचानने की कोशिश कर रही हो।

चारपाई अब भी वहीं थी, पर उसकी रस्सियाँ ढीली हो चुकी थीं। तुलसी का चौरा खाली था। दीवारों पर समय के निशान थे।

गुड्डी ने आँखें बंद कीं।

उसे लगा जैसे दादी की बुदबुदाहट फिर से सुनाई दे रही है, माँ की आवाज़ रसोई से आ रही है, और छोटी सी गुड्डी मिट्टी से घर बना रही है।

उसने झुककर फिर से मिट्टी उठाई।

एक छोटा सा घर बनाया।

और कुछ देर तक उसे देखती रही।

फिर… उसने उसे नहीं तोड़ा।

आँगन चुप था।

शायद पहली बार, उसने भी इंतज़ार करना सीख लिया था, कि अब आगे क्या बनेगा… और क्या इस बार वो हमेशा के लिए रहेगा।

This post is a part of BlogchatterA2Z Challenge 2026

BlogchatterA2Z challenge - Letter A (Day 1)

14 अगस्त 1949 की शाम थी। गाँव में एक अलग-सी हलचल थी। अगले दिन भारत का दूसरा स्वतंत्रता दिवस मनाया जाना था। स्कूल में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियाँ जोरों पर थीं। बच्चों के चेहरों पर चमक थी, लेकिन एक छोटी लड़की, वीराली, के मन में एक अजीब-सी खामोशी थी।

वीराली आज़ादी की कीमत को उम्र से कहीं पहले समझ चुकी थी। कुछ साल पहले उसके पिता स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हो गए थे। माँ, राधा, भी उसी लड़ाई का हिस्सा थीं — एक विरोध प्रदर्शन के दौरान वे बुरी तरह घायल हुईं। चोटें भले ठीक हो गईं, लेकिन उनका असर जीवनभर रहा।

राधा के पास एक काजल की डिबिया थी — उनके परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही धरोहर। वे अक्सर वीराली से कहतीं,
"ये काजल सिर्फ आँखों का श्रृंगार नहीं है, ये हमारे संघर्षों, सपनों और मूल्यों की रक्षा का प्रतीक है। इसे लगाकर जब भी आगे बढ़ोगी, तुम्हारे भीतर साहस और सच्चाई का दीपक जलता रहेगा।"

15 अगस्त 1949 की सुबह, वीराली सबसे पहले स्कूल पहुँची। छोटी हथेली में वही काजल की डिबिया कसकर थामे, उसने मैदान में जगह ली। ध्वजारोहण शुरू हुआ, तिरंगा लहराने लगा। उसी क्षण, वीराली ने अपनी आँखों में हल्का-सा काजल लगाया।

तभी एक स्मृति ने मन को छू लिया — कुछ महीने पहले, लंबी बीमारी से जूझते-जूझते, उसकी माँ भी उसे छोड़ गई थीं। वह डिबिया अब माँ की आखिरी निशानी थी।

तिरंगे को सलाम करते हुए, वीराली की आँखों में नमी थी, लेकिन होंठों पर दृढ़ मुस्कान।
"माँ, आज ये काजल आपकी उँगलियों से नहीं, मेरे हाथों से लगा… पर एहसास वैसा ही है, जैसे आप यहीं हों।"

उस दिन वीराली ने समझा — स्वतंत्रता सिर्फ आज़ादी का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर उस रोशनी को जीवित रखना है, जो हमें सिखाने वाले अब हमारे साथ न भी हों।

Proudly designed with Oxygen, the world's best visual website design software
linkedin facebook pinterest youtube rss twitter instagram facebook-blank rss-blank linkedin-blank pinterest youtube twitter instagram